निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव में धन बल के इस्तेमाल पर कसा शिकंजा

निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव में धन बल और अन्य प्रलोभनों के इस्तेमाल को रोकने के लिए प्रवर्तन एजेंसियों को निर्देश जारी किए हैं।
आयोग ने राज्य पुलिस, आबकारी विभाग, आयकर विभाग, राजस्व खुफिया निदेशालय, सीमा शुल्क और प्रवर्तन निदेशालय सहित सभी एजेंसियों को सतर्क रहने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
छह अक्टूबर को विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद से राज्य में कुल 34 करोड़ रुपये मूल्य की शराब, मादक पदार्थ, नकदी और मुफ्त बांटे जाने वाले सामान जब्त किए गए हैं।
निर्वाचन आयोग ने कहा कि मतदाताओं को लुभाने के लिए धन-बल या अन्य प्रलोभनों के इस्तेमाल को रोकने के लिए उड़न दस्ते, निगरानी टीम और वीडियो निगरानी टीम चौबीसों घंटे सतर्क हैं।
साथ ही प्रवर्तन अधिकारियों से यह भी कहा गया कि छान-बीन के दौरान आम नागरिकों को परेशान न किया जाए।
आयोग ने आम नागरिकों से अपील की कि वे चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत सी-विजिल ऐप के जरिए दर्ज करा सकते हैं।






