|

नमामि गंगे अभियान: आयुक्त दिलीप यादव ने कबीट खेड़ी में निर्माणाधीन एसटीपी प्लांट का निरीक्षण किया

इंदौर, 13 अक्टूबर 2025।
आयुक्त श्री दिलीप कुमार यादव ने नमामि गंगे अभियान के तहत कबीट खेड़ी में 120 एमएलडी निर्माणाधीन एसटीपी प्लांट का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणकर्ता एजेंसी मेसर्स निरकेयर इंडिया लिमिटेड और कंसल्टेंट फर्म को चेतावनी दी कि कार्य समयसीमा में पूरा नहीं होने पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट कर री-टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

आयुक्त श्री यादव ने साइट पर लेबर और संसाधन बढ़ाने, लगातार 24 घंटे कार्य सुनिश्चित करने, और निर्माण प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। अपर आयुक्त श्री रोहित सिसोनिया को एजेंसी के ऑनर श्री नीरज श्रीवास्तव को बुलाकर अंतिम बार समझाइश देने के निर्देश भी दिए गए।

दीपावली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने ट्रेंचिंग ग्राउंड और कबीट खेड़ी स्थित जीटीएस का भी निरीक्षण किया और कचरे के निपटान एवं बढ़ते कचरे की प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत इंदौर शहर में कुल तीन एसटीपी संयंत्र निर्माणाधीन हैं:

  • 35 एमएलडी किला मैदान (मंडी सचिव कार्यालय के पास)

  • 120 एमएलडी कबीट खेड़ी

  • 40 एमएलडी कनाडिया

इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग ₹416 करोड़ है और ये सिंहस्थ आयोजन के दृष्टिगत अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री रोहित सिसोनिया, कार्यपालन यंत्री श्री लक्ष्मीकांत वाजपेई, प्रोजेक्ट इंचार्ज एवं उपयंत्री सुश्री सूची सिंघाई, निर्माणकर्ता एजेंसी एवं कंसल्टेंट उपस्थित थे।

Share

Similar Posts