| |

नेपाल आम चुनाव: बालेन्द्र शाह की आरएसपी की बड़ी बढ़त, काठमांडू की सभी सीटों पर जीत

नेपाल में हुए आम चुनाव में मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में बालेन्द्र शाह के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) प्रचंड जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही है। चुनाव परिणामों के रुझान बताते हैं कि नेपाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

ताजा जानकारी के अनुसार, आरएसपी ने काठमांडू जिले की सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके अलावा पार्टी अब तक 34 सीटें जीत चुकी है और 86 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है

केपी शर्मा ओली के गढ़ में भी जीत

चुनाव में सबसे बड़ा उलटफेर उस समय देखने को मिला जब बालेन्द्र शाह ने चार बार प्रधानमंत्री रह चुके सीपीएन-यूएमएल के अध्यक्ष के.पी. शर्मा ओली के गढ़ झापा-5 में बड़ी जीत दर्ज की। शाह ने इस सीट पर 42,543 वोटों के अंतर से जीत हासिल की, जबकि के.पी. शर्मा ओली को केवल 11,427 वोट मिले।

रवि लामिछाने की लगातार तीसरी जीत

आरएसपी के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने भी चितवन-2 सीट से लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है।

अन्य दलों का निराशाजनक प्रदर्शन

इस चुनाव में पारंपरिक राजनीतिक दलों का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा है।

  • नेपाली कांग्रेस को केवल 6 सीटें मिली हैं।

  • नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी को 2 सीटें हासिल हुई हैं।

  • कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूएमएल) को केवल 1 सीट पर जीत मिली है।

  • 1 सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई है।

नेपाल की राजनीति में बदलाव के संकेत

चुनावी रुझानों से यह स्पष्ट होता दिख रहा है कि नेपाल की जनता ने पारंपरिक राजनीतिक दलों से दूरी बनाते हुए नए विकल्प को प्राथमिकता दी है।

गौरतलब है कि नेपाल में पिछले 18 वर्षों में 14 सरकारें बन चुकी हैं, जिससे राजनीतिक अस्थिरता की स्थिति बनी रही। ऐसे में आरएसपी की बढ़त को नेपाल की राजनीति में संभावित बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

Share

Similar Posts