नेपाल के विदेशमंत्री बालानंद शर्मा की बांग्लादेश प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग पर जोर

नेपाल के विदेशमंत्री बालानंद शर्मा ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की ओर से शुभकामना संदेश सौंपते हुए रहमान की चुनावी जीत पर बधाई दी।
ढाका स्थित नेपाली दूतावास द्वारा जारी बयान में बताया गया कि विदेशमंत्री शर्मा ने 12 फरवरी को हुए राष्ट्रीय चुनाव में निर्णायक जीत के लिए रहमान की सराहना की और बांग्लादेश में शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक सत्ता हस्तांतरण की प्रशंसा की।
शपथ ग्रहण समारोह में रहे शामिल
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने शपथ ग्रहण समारोह में नेपाल के प्रतिनिधित्व के लिए धन्यवाद दिया और इसे बांग्लादेश के प्रति नेपाल सरकार एवं नेपाली जनता की सद्भावना का प्रतीक बताया। विदेशमंत्री शर्मा ने शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के बाद विपक्ष के नेता डॉ. शफीकुर रहमान तथा जमात-ए-इस्लामी के अमीर से भी मुलाकात की।
व्यापार और ऊर्जा सहयोग पर जोर
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, संपर्क, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री रहमान ने नेपाल में आगामी पांच मार्च को प्रस्तावित संसदीय चुनाव के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नेपाल में भी शांतिपूर्ण ढंग से सत्ता हस्तांतरण होगा।
विदेशमंत्री शर्मा की यह यात्रा 19 फरवरी तक जारी रहेगी और इसे दक्षिण एशिया में क्षेत्रीय सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक कदम माना जा रहा है।






