नेपाली सेना ने चीन सटे मुस्तांग में अभ्यास शुरू किया

नेपाल की सेना ने चीन सीमा से सटे मुस्तांग जिले के जोमसोम क्षेत्र में दो दिवसीय “हाई एल्टीट्यूड सर्च एंड रेस्क्यू” अभ्यास शुरू किया है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य उच्च हिमालयी क्षेत्रों में होने वाली दुर्घटनाओं और जोखिमों से निपटने के लिए सेना की क्षमता को मजबूत करना है।

नेपाली सेना के अनुसार, ऊंचाई वाले इलाकों में ऑक्सीजन की कमी, अत्यधिक ठंड और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभ्यास आयोजित किया जा रहा है।

इस अभ्यास में 55 से अधिक सैनिक भाग ले रहे हैं, जिनमें मुस्तांग और मनांग जिले के भैरवी दल गुल्म की चार टुकड़ियां, इन्द्र बक्स गण और मिलिट्री हाई स्कूल कैसांग के प्रशिक्षु शामिल हैं। इन्द्र बक्स गण के प्रमुख मेजर जनरल गौरव ध्वज खांड ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य सेना की तकनीकी दक्षता और संचालन क्षमता को और बेहतर बनाना है।

अभ्यास के दौरान ग्लेशियर, पहाड़ी खाइयों और हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में फंसे ट्रेकर्स और यात्रियों के बचाव के तौर-तरीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले दिन मॉडल रॉक क्लाइम्बिंग अभ्यास कराया जा रहा है, जबकि दूसरे दिन लगभग 4,000 मीटर की ऊंचाई पर ग्लेशियर रेस्क्यू अभियान पर विशेष फोकस रहेगा।

इस कार्यक्रम में सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल की 33वीं बटालियन और जिला प्रहरी कार्यालय मुस्तांग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Share

Similar Posts