NCTE के पाठ्यक्रमों की 50 प्रतिशत से ज्यादा सीट खाली, संख्या बढ़ाने एक अतिरिक्त चरण शुरू करने का फैसला
नेशनल काउंसिल फॉर टीचर्स एजुकेशन (NCTE) से मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित तीन चरण की काउंसिलिंग के बाद भी बड़ी संख्या में सीटें खाली हैं। खासतौर पर बीपीएड, एमपीएड, बीएससी-बीएड और बीए-बीएड जैसे पाठ्यक्रमों में 50 प्रतिशत से भी कम सीटों पर प्रवेश हो पाया है। वहीं बीएड और एमएड में अब तक करीब 55 प्रतिशत सीटें ही भर सकी हैं।
24 से 27 जुलाई तक कर सकते है ऑनलाइन पंजीयन
रिक्त सीटों को भरने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने प्रवेश प्रक्रिया का एक अतिरिक्त चरण शुरू करने का निर्णय लिया है। विभाग के अनुसार इच्छुक विद्यार्थी 24 से 27 जुलाई तक ऑनलाइन पंजीयन कर सकेंगे, जबकि 28 जुलाई तक दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाएगा।
30 जुलाई को जारी होगी मेरिट सूची
इसके बाद 30 जुलाई को मेरिट सूची जारी की जाएगी और 31 जुलाई को सीटों का आवंटन होगा। सीट मिलने वाले अभ्यर्थियों को 31 जुलाई से 3 अगस्त के बीच निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। वहीं सभी महाविद्यालयों को 4 अगस्त तक रिक्त सीटों की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है।
पसंद के कॉलेज में प्रवेश का अवसर मिलने पर बढ़ सकती है संख्या
माना जा रहा है कि कम प्रवेश का प्रमुख कारण विद्यार्थियों को उनके गृह जिले से बाहर स्थित कॉलेजों का आवंटन होना है। कई छात्र-छात्राएं दूसरे शहर जाकर पढ़ाई करने से बच रहे हैं, जिसके कारण वे प्रवेश नहीं ले रहे हैं।
बड़ी संख्या में सीटें खाली होने के कारण कॉलेज स्तर पर काउंसिलिंग आयोजित करने की मांग की गई है। यदि विद्यार्थियों को अपनी पसंद के कॉलेज में प्रवेश का अवसर दिया जाए तो रिक्त सीटों के भरने की संभावना कफी बढ़ सकती है।