| |

नासा बड़ी उड़ान की तैयारी में, आर्टेमिस-2 रचेगा अंतरिक्ष इतिहास


अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन) मानव अंतरिक्ष उड़ान के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने की तैयारी में जुट गई है। नासा वैज्ञानिकों का लक्ष्य है कि आर्टेमिस-2 मिशन को फरवरी के पहले सप्ताह में लॉन्च किया जाए। यदि तकनीकी कारणों से फरवरी में लॉन्च संभव नहीं हो पाया, तो इसे अप्रैल 2026 में हर हाल में भेजने की योजना है।

नासा की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, आर्टेमिस-2 मिशन अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी की कक्षा से बाहर भेजने से बस कुछ ही सप्ताह दूर है। यह मिशन अपोलो कार्यक्रम के बाद पहली बार इंसानों को चंद्रमा के चारों ओर और उससे भी आगे तक ले जाएगा।

नासा के प्रशासक जेरेड आइजकमैन ने कहा,
आर्टेमिस-2 मानव अंतरिक्ष उड़ान की दिशा में अब तक का सबसे बड़ा कदम होगा। यह ऐतिहासिक मिशन इंसान को पृथ्वी से पहले से कहीं अधिक दूर ले जाएगा और चंद्रमा पर वापसी के लिए जरूरी अनुभव प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि यह मिशन चंद्रमा पर स्थायी मानव उपस्थिति और भविष्य में मंगल ग्रह पर मानव मिशन भेजने की दिशा में अमेरिका की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

नासा के अनुसार, चंद्रमा पृथ्वी से लगभग 41,541 मील दूर है, लेकिन आर्टेमिस-2 के लिए यह दूरी सिर्फ एक पड़ाव है। यह मिशन इंसानों को चंद्रमा की कक्षा में ले जाकर गहरे अंतरिक्ष अभियानों के लिए सिस्टम और मानव क्षमता का परीक्षण करेगा।

आर्टेमिस-2 मिशन का क्रू

  • कमांडर: रीड विसमैन

  • पायलट: विक्टर ग्लोवर

  • मिशन स्पेशलिस्ट: क्रिस्टीना कोच

  • कनाडाई अंतरिक्ष एजेंसी के प्रतिनिधि: जेरेमी हैनसन

विशेषज्ञों का मानना है कि आर्टेमिस-2 मिशन न केवल अमेरिका बल्कि पूरी मानव जाति के लिए अंतरिक्ष अन्वेषण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। यह मिशन भविष्य की चंद्र और मंगल यात्राओं की नींव रखेगा।

Share

Similar Posts