ड्रग केस के बाद सट्टे और प्लॉट धोखाधड़ी के घेरे में नाना पटवारी, 6 महीने में 65 लाख लगाने का दावा; बिल्डर सुमित मंत्री को भी नोटिस
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष्य जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। पहले ड्रग केस की जांच अब साथ में सट्टे, जमीन धोखाधड़ी से जुड़े कथित एंगल भी सामने दिखाई दे रहे है। नाना को एक बार फिर नोटिस दे दिया गया है। इस बार शुभम ग्रुप के प्रमुख बिल्डर सुमित मंत्री को नोटिस भेज दिया। पुलिस जांच में पता चला है कि नाना ने 6 माह से सट्टे में 65 लाख रुपए लगाए है।
पुलिस प्लाट धोखाधड़ी की भी जांच करेंगी
पुलिस ने नाना पटवारी को पहले 13 जुलाई सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने दो दिन का समय मांगा। अब उन्हें नया नोटिस देकर बुधवार 15 जुलाई को दोपहर 3 बजे पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उधर शुभम वैली में प्लॉट धोखाधड़ी की शिकायत के मामले में शुभम ग्रुप के प्रमुख और बिल्डर सुमित मंत्री को भी नोटिस जारी किया गया है। बता दें कि डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने नाना और सुमित को नोटिस देने की पुष्टि की है। साथ ही कहा है कि दोनों को बुलाया गया है आगे जांच के लिए पूछताछ होगी।
सट्टे में लगाए थे 65 लाख रुपए
नाना पटवारी के मोबाइल की जांच व अन्य से पूछताछ में सामने आया है कि नाना ऑनलाइन सट्टे से जुड़ा था। नाना ने बीते 6 माह में 65 लाख रूपए आनलाइन गेमिंग में लगाए हैं, जो भारत में गैर-कानूनी है। सट्टे के मामले में पुलिस ने पीथमपुर से सटोरिया प्रितेश त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। प्रितेश और संजय कौशल (टौनी भाई) आपस में नाना से लिंक्ड (जुड़े) हैं। रौनी ड्रग मामले में पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।
बिल्डर सुमित मंत्री से भी पूछताछ , नाना की क्या भूमिका है ?
बता दें कि एक युवती ने शिकायत की है कि उनके साथ 35 लाख रुपए के प्लाट का सौदा नाना ने शुभम वैली में किया था। वहीं बाद में प्लाट नहीं मिला और ना ही राशि पूरी लौटाई गई। इस मामले में पुलिस ने टाउनशिप के प्रमुख बिल्डर सुमित मंत्री को नोटिस देकर बुलाया है। सुमित से यह पूछा जाना है कि इसमें नाना की क्या भूमिका है? जब टाउनशिप मंत्री की है, तो सौदा नाना ने क्यों और किस लिहाज से किया? क्या इसमें कोई ब्लैक मनी लगी है और क्या यह मनी लॉन्ड्रिंग तो नहीं है?
उल्लेखनीय है कि नाना पटवारी का भाई भरत पटवारी, सुमित मंत्री के साथ दो कंपनियों में औपचारिक रूप से रिकॉर्ड पर पार्टनर है। हालांकि नाना पटवारी पार्टनर नहीं है।
ड्रग मामले में यह पता चला
ड्रग मामले में गिरफ्तार इरफान उर्फ गोलू चंदेरी, रौनी उर्फ संजय कौशल के साथ ही नाना के पूर्व ड्राइवर भुरु के साथी फैजल को भी गिरफ्तार किया गया है।इरफान ने नाना के कहने पर भुरु से ड्रग मंगवाई थी। इसके लिए दस हजार रूपए मांगे थे जो फैजल ने ही भेजे थे।