| | |

नागलवाड़ी में नागपंचमी पर 101 लीटर दूध से भिलट देव का अभिषेक: 4 किमी पैदल चलकर पहुंच रहे भक्त; 500 पुलिसकर्मी तैनात

सेंधवा। नागपंचमी के अवसर पर नागलवाड़ी में भिलट देव मंदिर में सोमवार बाबा का 101 लीटर दूध से अभिषेक हुआ। इसके बाद चोला श्रृंगार कर महाआरती की गई। कातोर गादी भक्त मंडल की ओर से 108 व्यंजनों का भोग भी लगा। नागपंचमी पर दर्शन के लिए रातभर से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भक्त साढ़े तीन किलोमीटर का रास्ता पैदल कर बाबा के दर्शन करने पहुंच रहे हैं।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पहाड़ी मार्ग पर वाहनों का प्रवेश पर प्रतिबंध कर दिया गया है। रविवार सुबह से सोमवार सुबह तक 60 हजार से अधिक श्रद्धालु मंदिर पहुंच चुके हैं। नागपंचमी पर 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

सुबह 4 बजे हुई महाआरती, 108 व्यंजनों का लगाया भोग
मंदिर के मुख्य पुजारी राजेंद्र बाबा ने बताया कि ब्रह्म मुहूर्त में बाबा का 101 लीटर दूध से अभिषेक कर चोला श्रृंगार किया गया। सुबह 4 बजे महाआरती के बाद 108 व्यंजनों का भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।

मंदिर के पट रविवार सुबह से मंगलवार रात 12 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। रात से ही भक्तों के दर्शन का सिलसिला लगातार जारी है।

50 से ज्यादा CCTV से निगरानी, डोम शेड लगें 
मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश यादव और कोषाध्यक्ष बजरंग गोयल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति और प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। पुलिस के साथ मंदिर के वालेंटियर्स भी तैनात हैं। मंदिर परिसर में 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।

श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए विशाल डोम शेड में कतार लगाकर मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है।

500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
नागपंचमी मेले को लेकर प्रशासन भी अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था में 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाए गए हैं। बैरिकेडिंग और लेन सिस्टम लागू किया गया है।

यातायात व्यवस्था के लिए 5 पार्किंग स्थल और 3 ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन भी किया गया है। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल, चलित शौचालय, 24 घंटे मेडिकल टीम, एंबुलेंस और क्रेन की व्यवस्था की गई है।

अधिकारियों ने रविवार को लिया व्यवस्थाओं का जायजा
रविवार को कलेक्टर जयति सिंह, निमाड़ रेंज डीआईजी सिमाला प्रसाद, एसपी पद्म विलोचन शुक्ल और एडिशनल एसपी धीरज बब्बर ने शिखरधाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, मेला ग्राउंड और पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।

Share