मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर कार पलटी: कार में मिला सिगरेट-गुटखा; खलघाट से इंदौर की ओर जा रही थी कार

धामनोद। मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर एक वाहन की टक्कर से मारुति कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पलट गई। खलघाट से इंदौर की ओर जा रही थी कार। हादसा देख कई लोग वहां जमा हो गए। हादसा जोरदार हुआ, लेकिन कार चालक को गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया।
कार में मिला सिगरेट और गुटखा-मसाले का सामान
हादसे के बाद जब स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया तो पलटी हुई कार के अंदर बड़ी मात्रा में सिगरेट और गुटखा-मसाले के पाउच दिखाई दिए। कार में इतनी मात्रा में यह सामान मिलने के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही धामनोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है, जिसने कार को टक्कर मारी थी।
सामान को लेकर होगी वैधानिक जांच
पुलिस द्वारा कार में बड़ी मात्रा में ले जाए जा रहे सिगरेट और मसाले के सामान के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सामान कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां ले जाया जा रहा था। मामले में जांच के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।