| |

‘मुख्यमंत्री युवा योजना’ से बदली तकदीर, लखनऊ की खुशी बनीं महिला उद्यमिता की नई पहचान

उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना के तहत मिलने वाले ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त ऋण ने कई युवाओं के सपनों को हकीकत में बदल दिया है।

इसी योजना का लाभ उठाकर लखनऊ की रहने वाली खुशी गुप्ता ने न केवल अपना व्यवसाय खड़ा किया, बल्कि महिला उद्यमिता की नई मिसाल भी पेश की है। उन्होंने ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के विजन को साकार करते हुए ब्यूटी इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है।

महिला उद्यमिता की नई पहचान बनीं खुशी

खुशी गुप्ता वर्तमान में बीए एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं और उन्हें शुरुआत से ही मेकअप व ब्यूटी इंडस्ट्री में रुचि थी। अपने जुनून को पेशे में बदलने के लिए उन्होंने प्रोफेशनल कोर्स किया। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के बारे में जानकारी मिली।

योजना के तहत उन्होंने बैंक से संपर्क किया और एक सप्ताह का उद्यमिता प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद उन्हें 4.5 लाख रुपये का ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त ऋण मिला।

इस आर्थिक सहायता से उन्होंने लखनऊ के खुर्रम नगर क्षेत्र में वर्ष 2025 में ‘ग्लैम हाउस’ नाम से यूनिसेक्स सैलून, स्टूडियो और एकेडमी की शुरुआत की। आज उनका यह व्यवसाय तेजी से बढ़ रहा है और वे हर महीने लाखों रुपये की आय अर्जित कर रही हैं।

अन्य महिलाओं को भी दे रहीं रोजगार

खुशी गुप्ता केवल खुद तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उन्होंने अन्य महिलाओं को भी रोजगार देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। उनका सैलून और एकेडमी कई युवतियों के लिए ट्रेनिंग और रोजगार का केंद्र बन चुका है।

युवाओं को मिल रहा स्वरोजगार का अवसर

योगी सरकार की यह योजना 21 से 40 वर्ष के युवाओं को व्यापार और उद्योग से जोड़ने का काम कर रही है। इसके तहत अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाता है, जिससे युवा बिना आर्थिक दबाव के अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।

आज खुशी गुप्ता जैसी हजारों महिलाएं सूक्ष्म और लघु उद्योगों के माध्यम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। उनकी सफलता कहानी उन सभी युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपने दम पर कुछ बड़ा करने का सपना देखती हैं।

Share