MPL 2026: ‘मैं तो ऑलराउंडर हूं, क्रिकेट का हर रंग पसंद है’ — पिंक पैंथर्स के ओनर विमल तोडी की खास बातचीत
इदौर। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) के रोमांच के बीच मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात हो रही है। इस लीग में शामिल फ्रेंचाइजियों और उनके मालिकों का उत्साह भी देखते ही बन रहा है। इसी कड़ी में ‘प्रदेश प्रकाश’ ने एमपीएल की प्रमुख टीम ‘पिंक पैंथर्स’ के ऑनर और मशहूर मोइरा ग्रुप के चेयरमैन विमल तोडी से खास बातचीत की। उन्होंने टीम के नाम के पीछे का दिलचस्प किस्सा साझा किया और बताया कि कैसे एमपीएल मध्य प्रदेश के युवाओं की ‘बल्ले-बल्ले’ करने वाला है।
सवाल – इंदौर में एमपीएल का शानदार आगाज हो चुका है। सबसे पहले हम यह जानना चाहेंगे कि आपने जो ‘पिंक पैंथर्स’ टीम बनाई है, इसके पीछे आपका क्या लक्ष्य और क्या सोच रही है?
जवाब – देखिए, जब आज से तीन साल पहले हमारे पास यह प्रपोजल आया था कि क्या आप एमपीएल में टीम खरीदने में इंटरेस्टेड हैं, तो हमने इसमें काफी रुचि दिखाई। हमें यह आइडिया बहुत पसंद आया और आज लगातार तीसरा साल है, जब हमारी टीम इस लीग में खेल रही है और हम इसका हिस्सा हैं। हमारा लक्ष्य प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे लाना है।
सवाल – आपकी टीम का नाम ‘पिंक पैंथर्स’ है, इसके पीछे क्या खास वजह रही है?
जवाब – (मुस्कुराते हुए)आप खुद बताइए, आपने क्या सोचा होगा? चलिए, मैं ‘प्रदेश प्रकाश’ के दर्शकों और पाठकों को भी यह बताना चाहूंगा कि आप सबने ‘मोइरा’ का विज्ञापन दीवारों पर या प्रिंट मीडिया में अक्सर देखा होगा। हमारा वह विज्ञापन हमेशा ‘पिंक कलर’ का रहता है। ब्रांड की इसी पहचान और थीम को बरकरार रखने के लिए हमने अपनी टीम का नाम ‘पिंक पैंथर्स’ रखा है। यही इसके पीछे का असली कारण है।
सवाल – एमपीएल को मध्य प्रदेश में युवाओं के लिए बहुत बड़ी सौगात माना जा रहा है। एक टीम ओनर होने के नाते आप इस लीग को किस नजरिए से देखते हैं?
जवाब – यह वाकई में एक बहुत ही शानदार प्लेटफॉर्म है। देश के जितने भी अच्छे और बड़े खिलाड़ी निकलते हैं, वो इसी तरह के प्लेटफॉर्म और भारतवर्ष के जमीनी स्तर से ही आगे आते हैं। अब कई राज्यों ने अपनी-अपनी प्रीमियर लीग शुरू कर दी है, जिससे अच्छे बच्चों की तो डेफिनेटली ‘बल्ले-बल्ले’ होने वाली है। यह एक ऐसा मंच है जिससे खिलाड़ियों का असली हुनर पहचाना जाता है और उन्हें लाइफ में आगे बढ़ने का पूरा मौका मिलता है।
सवाल – आपने क्रिकेट में इतना बड़ा निवेश किया है, पूरी एक फ्रेंचाइजी टीम ली है। क्या आपका क्रिकेट से बचपन से ही कोई जुड़ाव रहा है? आप इससे कैसे जुड़े?
जवाब – जी बिल्कुल, मैं बचपन से ही क्रिकेट से गहराई से जुड़ा रहा हूं। हम लोग बचपन में गलियों में क्रिकेट खेला करते थे, जिसमें बहुत मजा आता था। इसके बाद मैं अपनी स्कूल टीम का भी हिस्सा रहा और कॉलेज की टीम में भी क्रिकेट खेला। वैसे, क्रिकेट के प्रति केवल मेरा ही नहीं, बल्कि मेरे ख्याल से हर भारतीय का झुकाव रहता है, क्रिकेट तो हर हिंदुस्तानी की सांसों में बसता है। यही वजह है कि जब हमारे पास यह ऑफर आया, तो हमने इसे तुरंत स्वीकार कर लिया।
सवाल – यानी निजी रूप से आप भी एक बहुत बड़े क्रिकेट लवर हैं। खेल में आपको क्या सबसे ज्यादा पसंद है बैटिंग या बॉलिंग?
जवाब – मैं बहुत ज्यादा बड़ा क्रिकेट प्रेमी हूं। मुझे बैटिंग और बॉलिंग दोनों ही पसंद हैं और इसके साथ-साथ फील्डिंग करना भी बेहद अच्छा लगता है।
सवाल – एमपीएल में तो आपकी टीम है ही, क्या भविष्य में आप खेल जगत में कुछ और बड़ा निवेश करना चाहेंगे? क्या आगे आइपीएल में भी टीम खरीदने का कोई प्लान है?
जवाब – बिल्कुल, क्यों नहीं! अगर भगवान ने चाहा और सब कुछ सही रहा, तो आगे चलकर आइपीएल में भी जरूर कदम रखेंगे।
