| |

MPL 2026: ‘एमपी के युवाओं को IPL तक पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य’ — चंबल घड़ियाल के ओनर दिव्यराज सिंह की खास बातचीत

इंदौर। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) के रोमांचक आगाज के साथ ही इंदौर का होलकर स्टेडियम क्रिकेट के जूनून में डूब चुका है। इस खास मौके पर ‘प्रदेश प्रकाश’ ने चंबल घड़ियाल टीम के ओनर दिव्यराज सिंह से विशेष बातचीत की। उन्होंने टीम के गठन के पीछे की सोच, एमपीएल की भूमिका और चंबल घड़ियाल की तैयारियों पर खुलकर चर्चा की।

सवाल- चंबल घड़ियाल टीम को बनाने के पीछे आपकी क्या सोच रही है?
जवाब – सबसे पहले तो चंबल घड़ियाल की ओर से आपको बहुत-बहुत नमस्कार। यह एमपीएल का सीजन-3 है और चंबल घड़ियाल का सीजन-2 है। पिछली बार जब हमने टीम ली थी, तो हमारी सोच यही थी कि चंबल के जो प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं, उनकी प्रतिभा को एक सही मंच दिया जाए। पिछले सीजन में हमारी मेंस और विमेंस दोनों ही टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल्स खेला था। खेल में हार-जीत चलती रहती है, पिछली बार हमारी मेंस टीम महज एक रन से चूक गई थी। लेकिन इस बार हमारे सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों ने प्रैक्टिस के दौरान जबरदस्त मेहनत की है। हमने एक बेहद संतुलित टीम बनाई है और हमें पूरी उम्मीद है कि इस बार हमारी टीम बहुत अच्छा परफॉर्म करेगी।

सवाल – आप खुद एक टीम के ओनर हैं, तो आप क्रिकेट को किस नजरिए से देखते हैं? क्या आपको बचपन से क्रिकेट खेलने का शौक था? आप इस खेल से कैसे जुड़े?
जवाब – जी बिल्कुल, जब आप भारत में रहते हैं तो क्रिकेट यहां सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि एक धर्म की तरह है। उसी तरह मैं भी बचपन से क्रिकेट खेलता था। लेकिन हमारे देश की 140 करोड़ की आबादी में से कुछ ही गिने-चुने प्रतिभाशाली खिलाड़ी इंडिया के लिए खेल पाते हैं, जबकि सपना हर बच्चा देखता है। इसी सोच के साथ ‘रॉयल सिंधिया फैमिली’ और ‘मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग’ ने एमपी के प्रतिभावान खिलाड़ियों को एक ऐसा प्लेटफॉर्म दिया है, जहां से वे परफॉर्म करके सीधे आइपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) तक पहुंच सकें। जब MPL का पहला सीजन शुरू हुआ था, तब मध्य प्रदेश से केवल दो-तीन खिलाड़ी ही IPL में खेलते थे। लेकिन आज सीजन-3 तक आते-आते हमारे कई गौरवशाली नाम सामने आए हैं-जैसे अनिकेत वर्मा, माधव तिवारी, मंगेश यादव, त्रिपुरेश सिंह, आशुतोष शर्मा और आवेश खान।

सवाल – चंबल घड़ियाल की टीम में आपका कोई ऐसा खास खिलाड़ी, जो आपका सबसे फेवरेट हो?
जवाब – मेरे लिए तो मेरी पूरी टीम ही मेरी फेवरेट है, सभी खिलाड़ी बराबर हैं। लेकिन अगर आप किसी खास नाम की बात करें तो मैं शुभम शर्मा और त्रिपुरेश सिंह का जिक्र जरूर करना चाहूंगा। ये दोनों खिलाड़ी मध्य प्रदेश और चंबल घड़ियाल के लिए बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। ये पिछले सीजन में भी हमारी टीम का हिस्सा थे और इस बार भी हमने इन्हें रिटेन किया है। मैं अपनी पूरी टीम को शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देंगे।

 

Share

Similar Posts