विश्व कैंसर दिवस पर मध्य प्रदेश के सभी जिलों में लगे कैंसर जांच शिविर, जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित

विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर आज बुधवार को Madhya Pradesh के सभी जिलों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैंसर जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही आमजन को कैंसर से बचाव और समय पर जांच के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार जिला अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल अस्पतालों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कॉमन कैंसर स्क्रीनिंग शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में 30 से 65 वर्ष आयु वर्ग के नागरिकों की ओरल (मुख), ब्रेस्ट (स्तन) और सर्वाइकल कैंसर सहित अन्य कैंसर की जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की जा रही है।
देवास के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजिनी जेम्स बेक ने बताया कि जिला चिकित्सालय में आयोजित शिविर में स्त्री रोग, एनसीडी और डेंटल ओपीडी कक्ष में शाम 5 बजे तक जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
नोडल अधिकारी डॉ. गोपाल कटारे ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य कैंसर के प्रति जनमानस में जागरूकता बढ़ाना और प्रारंभिक अवस्था में रोग की पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है। जांच के उपरांत सभी हितग्राहियों की जानकारी एनसीडी पोर्टल पर दर्ज की जा रही है। जटिल मामलों को आवश्यक उपचार, सर्जरी और रेडियोथैरेपी के लिए मेडिकल कॉलेज या टरशरी कैंसर चिकित्सालय में रेफर किया जाएगा।
उज्जैन के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने बताया कि कैंसर शरीर की कोशिकाओं के असंतुलित और अनियंत्रित बढ़ने से होता है। उन्होंने कहा कि ब्लड कैंसर, मुंह, लीवर, सर्वाइकल, ब्रेस्ट और आहार नली का कैंसर इसके प्रमुख प्रकार हैं। लंबे समय तक घाव, बिना दर्द की गांठ, वजन का अचानक कम होना, निगलने में परेशानी, आवाज में बदलाव जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराना आवश्यक है।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे धूम्रपान, तंबाकू, गुटखा और शराब से दूर रहें, पौष्टिक आहार लें, नियमित व्यायाम करें और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराएं। विभाग का कहना है कि सावधानी और जागरूकता ही कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।






