| |

मध्य प्रदेश में मौसम का बदला मिजाज: 5 अप्रैल तक आंधी-बारिश का अलर्ट, निमाड़ में ओलावृष्टि की चेतावनी

मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ सिस्टम के कारण आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 5 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है।

आज भोपाल, इंदौर समेत करीब 30 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं निमाड़ क्षेत्र के धार, बड़वानी और झाबुआ में ओलावृष्टि होने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में ग्वालियर, उज्जैन, मुरैना, शिवपुरी, गुना, मंदसौर, रतलाम, अलीराजपुर, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, देवास और शाजापुर सहित कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का असर रहेगा।

कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चलेंगी। छिंदवाड़ा, सिवनी और पांढुर्णा में हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है।

बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का असर देखा गया। भोपाल में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जबकि सीहोर में आंधी के साथ ओले गिरे।

बारिश के बावजूद गर्मी का असर बना हुआ है। नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि कई जिलों में तापमान 38-39 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 अप्रैल से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे 10 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और अप्रैल के अंत तक कई इलाकों में तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, दक्षिण और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गर्म हवाओं के कारण आने वाले दिनों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।

Share

Similar Posts