मध्य प्रदेश में बदला मौसम: भोपाल-ग्वालियर समेत 34 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। नए वेदर सिस्टम के सक्रिय होने से राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 9 अप्रैल तक तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार को भोपाल और ग्वालियर समेत कुल 34 जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। प्रभावित जिलों में भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, राजगढ़, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, सागर, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर सहित कई अन्य जिले शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 8 और 9 अप्रैल को भी ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग में मौसम का असर जारी रहेगा। दोपहर बाद कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
हवा की रफ्तार को लेकर भी चेतावनी दी गई है। कुछ क्षेत्रों में आंधी की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य स्थानों पर यह 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 11 अप्रैल के आसपास उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा। इससे पहले 4 से 6 अप्रैल के बीच प्रदेश के कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज आंधी-बारिश दर्ज की जा चुकी है।
आमतौर पर अप्रैल और मई को साल के सबसे गर्म महीने माना जाता है, लेकिन इस बार पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते तापमान में गिरावट देखी जा रही है। ऐसे में अप्रैल के पहले पखवाड़े में मौसम का मिजाज बदला हुआ ही रहने की संभावना है।






