मध्य प्रदेश में मौसम का यू-टर्न: 27 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 6 मई तक असर

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए 27 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है, जबकि यह स्थिति 6 मई तक बनी रहने की संभावना जताई गई है।
राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में शनिवार को 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और कई जगहों पर बारिश के साथ ओले भी गिरे। इससे गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई क्षेत्रों में नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं।
बारिश और तेज हवाओं के कारण कई जिलों में नुकसान भी दर्ज किया गया है। रायसेन जिले के छुछार गांव में स्थित एक वेयरहाउस की टीन शेड तेज आंधी में उड़ गई, जहां बड़ी मात्रा में सरकारी मूंग भंडारित थी। वहीं बरेली और बाड़ी क्षेत्रों में भी अनाज भीगने से खरीदी प्रभावित हुई है।
सीहोर जिले के इछावर, बोरदी, झालकी और भाऊखेड़ी क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश से खेतों में रखी फसल भीग गई। बोरदी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रखा अनाज भी खराब होने की आशंका है।
इसके अलावा बालाघाट में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई, जबकि ब्यावरा में आंधी से दुकानों के फ्लैक्स उड़ गए। पिपरिया में धूलभरी आंधी के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दो ट्रफ सक्रिय होने के कारण प्रदेश में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आमतौर पर मई के महीने में तेज गर्मी पड़ती है, लेकिन इस बार शुरुआत ही आंधी और बारिश के साथ हुई है।
आगामी दिनों में मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।





