|

मप्र: खेलो एमपी यूथ गेम्स 27 जनवरी से, मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री मांडविया करेंगे शुभारंभ

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित टीटी नगर स्टेडियम में खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ 27 जनवरी को होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

खेलों की थीम पर भव्य उद्घाटन समारोह

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि उद्घाटन समारोह को पूर्णतः खेलों की थीम पर आधारित रखा गया है। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक कैलाश खेर की विशेष प्रस्तुति होगी। इसके अलावा इंडियाज़ गॉट टैलेंट फेम डांस ग्रुप द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेलों के इतिहास पर आधारित नृत्य-नाटिका और भव्य आतिशबाजी समारोह के प्रमुख आकर्षण होंगे।

ब्लॉक से राज्य स्तर तक पारदर्शी चयन प्रक्रिया

मंत्री सारंग ने बताया कि प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं। जिला और संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 25 जनवरी 2026 तक पूर्ण हो जाएंगी। इसके बाद राज्य स्तरीय मुकाबले शुरू होंगे।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजीयन डैशबोर्ड आधारित डिजिटल प्रणाली से किया गया है, जिससे चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी है। अब तक एक लाख से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है और सभी परिणाम व प्रगति की निगरानी रीयल-टाइम डैशबोर्ड से की जा रही है।

31 जनवरी तक चलेंगी प्रतियोगिताएं, 28 खेल शामिल

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 31 जनवरी तक चलेंगी, जिनमें 28 खेलों को शामिल किया गया है। प्रदेश के सभी 10 संभागों की टीमें इन खेलों में भाग लेंगी, जिससे यह आयोजन प्रदेशव्यापी सहभागिता का प्रतीक बनेगा।

परंपरा के अनुसार आयोजन स्थल तय

मंत्री सारंग ने बताया कि खेलों का आयोजन उसी क्षेत्र में किया जा रहा है, जहां उस खेल की परंपरा और लोकप्रियता है।

  • भोपाल: एथलेटिक्स, क्रिकेट (पुरुष), हॉकी (पुरुष), तैराकी, शूटिंग, बॉक्सिंग, कबड्डी सहित कई खेल

  • इंदौर: बास्केटबॉल, वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस, टेनिस

  • शिवपुरी: महिला क्रिकेट

  • ग्वालियर: महिला हॉकी, बैडमिंटन, पिट्टू

  • उज्जैन: मल्लखम्ब, योगासन, कुश्ती, रस्साकशी

  • जबलपुर: खो-खो, आर्चरी

  • रीवा: फुटबॉल

  • नर्मदापुरम: ताईक्वांडो, शतरंज

  • सागर: जूडो

पारंपरिक खेलों को पहली बार मिला मंच

मंत्री सारंग ने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स में पहली बार पिट्टू और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेलों के साथ-साथ क्रिकेट और थ्रोबॉल को भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देना और प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान दिलाना है।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए प्रतिभा प्रदर्शन का सशक्त और पारदर्शी मंच साबित होगा और राज्य को खेलों की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

Share

Similar Posts