मध्यप्रदेश में IAS-IPS प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू, 22 अधिकारियों को मिलेगा बड़ा मौका
मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) और राज्य पुलिस सेवा (SPS) के अधिकारियों को आईएएस और आईपीएस में पदोन्नत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस साल कुल 22 अधिकारियों को यह मौका मिलेगा। यह प्रमोशन उन रिक्त पदों पर होगा जो वर्ष 2025 में सेवानिवृत्त हुए प्रमोटी आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के जाने से खाली हुए हैं।
DPC में किन नामों पर विचार होगा?
इस पूरी प्रक्रिया के लिए डीपीसी (Departmental Promotion Committee) की बैठक जल्द होगी। आईएएस पदोन्नति के लिए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव व डीजीपी की संयुक्त समिति नामों पर विचार करेगी। आईएएस के लिए राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग ने 39 नाम चुने हैं। आईपीएस के लिए गृह विभाग ने 27 नामों की सूची तैयार कर ली है। साथ ही, डीपीसी की तारीख तय करने का प्रस्ताव भी भेज दिया है। सभी चुने गए अधिकारियों को डीपीसी से पहले अपनी सीआर (Confidential Report) और अन्य जरूरी जानकारी भरने के लिए फॉर्मेंट दिए गए हैं। यह जानकारीआने के बाद ही नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
IAS के लिए किस बैच के अधिकारी ?
आईएएस में चयन के लिए 2007 और 2008 बैच के राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के नाम विचाराधीन हैं। 2007 बैच से मिनिषा पांडे, इला तिवारी, नीता राठौर, शैलेंद्र सिंह सोलंकी, रानी पासी, रंजना देवड़ा, माधवी नागेंद्र, वर्षा सोलंकी, प्रियंका गोयल, अभिषेक दुबे, नरोत्तम प्रसाद भार्गव, निधि सिंह राजपूत, निमिषा जायसवाल और संदीप सोनी के नाम सूची में हैं। हालांकि 1999 बैच के जयेंद्र विजयवत और मनोज मालवीय उम्र सीमा के चलते पात्रता से बाहर हो चुके हैं। 2002 बैच के कमल नागर का मामला कोर्ट में है, इसलिए उनका केस इस बार भी टल सकता है।
प्रमुख बिंदु जो जानना जरुरी
- मध्यप्रदेश में SAS के 13 और SPS के 9 अधिकारियों को IAS – IPS कैडर मिलेगा।
- UPSC और राज्य की कमेटी मिलकर DPC में नामों पर अंतिम फैसला करेगी।
- IAS के लिए 39 और IPS के लिए 27 उम्मीदवारों के नाम विचार में हैं।
- 2025 में रिटायर हुए प्रमोटी अधिकारियों की रिक्त सीटों पर भर्ती होगी।
- कुछ अधिकारी जांच या कोर्ट केस के चलते इस प्रक्रिया से बाहर हो सकते हैं।
