| | |

मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर चरम पर, 7 जिलों में रेड अलर्ट; खजुराहो ने तोड़ा 33 साल पुराना रिकॉर्ड

मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर चरम पर, आज 7 जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट

 मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के कई शहर इन दिनों आग उगल रहे हैं और तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। मौसम विभाग ने आज गुरुवार को पूरे प्रदेश में हीट वेव (लू) की चेतावनी जारी की है, जबकि 7 जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट घोषित किया गया है।

खजुराहो ने तोड़ा 33 साल पुराना रिकॉर्ड

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को प्रदेश के 16 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। खजुराहो, नौगांव, निवाड़ी, दतिया और राजगढ़ सबसे गर्म जिलों में शामिल रहे।

सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा खजुराहो से सामने आया, जहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह मई महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान है और इससे 33 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया

इससे पहले 29 अप्रैल 1993 को खजुराहो में 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था। मौजूदा तापमान के साथ खजुराहो देश का दूसरा और दुनिया का चौथा सबसे गर्म शहर बन गया है।

इन 7 जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, रायसेन, दमोह, कटनी, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, रतलाम और झाबुआ सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, देवास, हरदा, खंडवा, खरगोन, धार, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, बालाघाट और शहडोल समेत कई जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।

23 मई तक राहत नहीं, फिर शुरू होगा नौतपा

मौसम विभाग का कहना है कि 23 मई तक प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा और फिलहाल लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इसके बाद नौतपा शुरू होगा, जिसके दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में तेज गर्मी पड़ने के आसार हैं।

Share

Similar Posts