राजस्थान की लू से तप रहा मध्य प्रदेश, नर्मदापुरम सबसे गर्म, 11 जिलों में अलर्ट

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं ने तापमान में और इजाफा कर दिया है, जिससे कई जिलों में लू जैसे हालात बन गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के 11 जिलों—निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सिवनी, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर—में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। तेज गर्मी को देखते हुए नर्मदापुरम में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।
गुरुवार को मध्य प्रदेश का औसत तापमान सामान्य से करीब 4.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा खजुराहो, नौगांव, सीधी, दतिया, सागर और रायसेन समेत कई जिलों में तापमान 42 डिग्री के पार दर्ज किया गया।
बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 41 डिग्री, जबलपुर में 41.6 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री, ग्वालियर में 40.8 डिग्री और उज्जैन में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
रात में भी राहत नहीं
गर्मी का असर रात में भी बना हुआ है। भोपाल सहित कई शहरों में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच बना हुआ है। नर्मदापुरम में रात का तापमान 27 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे ‘वॉर्म नाइट’ की स्थिति बनने की संभावना जताई जा रही है।
महीने के अंत में बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 27 अप्रैल के आसपास ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हो सकता है।






