| | |

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी: पारा 43°C पार, 16 जिलों में लू का अलर्ट

Madhya Pradesh में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को सीजन में पहली बार तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। Khajuraho में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, आज 16 जिलों में हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, धार, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना शामिल हैं।

भीषण गर्मी को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। Bhopal में अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे। इसके अलावा नर्मदापुरम, ग्वालियर, बालाघाट, मैहर, रतलाम, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, रायसेन, डिंडौरी, अनूपपुर और उमरिया में भी नई समय-सारणी लागू की गई है।

शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। उमरिया में 42.9 डिग्री, टीकमगढ़-नौगांव में 42.8 डिग्री, मंडला में 42.5 डिग्री, जबकि दमोह, गुना और दतिया में 42.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। सागर और सतना में 41.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 41.6 डिग्री और नर्मदापुरम व शाजापुर में 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 42 डिग्री तक पहुंचा। भोपाल और ग्वालियर में 41.3 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री और उज्जैन में 40.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। कई इलाकों में लू के थपेड़े भी महसूस किए गए।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दिनभर पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने, दोपहर में धूप से बचने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया है, ताकि गर्मी के दुष्प्रभाव से बचा जा सके।

Share

Similar Posts