मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप, 20 जिलों में लू का अलर्ट; नर्मदापुरम सबसे गर्म

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने अपना असर तेज कर दिया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 20 जिलों में लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
जिन जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा रतलाम में 42.8 डिग्री और दमोह व मंडला में 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी गर्मी का असर साफ देखा गया। भोपाल और ग्वालियर में 40.5 डिग्री, इंदौर में 40.1 डिग्री, उज्जैन में 40.7 डिग्री और जबलपुर में 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कुछ जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सुबह के समय कक्षाएं संचालित करने का निर्णय लिया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से तापमान में तेजी से वृद्धि होती है और इस बार भी महीने के अंत तक तापमान नए रिकॉर्ड बना सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दिनभर पर्याप्त पानी पिएं, शरीर को हाइड्रेट रखें, दोपहर की तेज धूप से बचें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। खासकर बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।






