मप्र में लाड़ली बहना योजना की 1836 करोड़ की सौगात, सीएम डॉ. मोहन यादव आज करेंगे राशि अंतरित

MP Ladli Behna Yojana के तहत मध्य प्रदेश की महिलाओं को आज बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री Mohan Yadav शनिवार को खंडवा जिले के पंधाना से प्रदेश की लगभग 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी रत्ना शर्मा के अनुसार, फरवरी 2026 की किस्त सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। अब तक योजना के अंतर्गत 52,304 करोड़ रुपये की राशि बहनों के खातों में भेजी जा चुकी है।
600 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री पंधाना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। जनसम्पर्क अधिकारी बृजेंद्र शर्मा के मुताबिक, 255 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 354 करोड़ रुपये के 11 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।
विशेष रूप से 252 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली खंडवा नगर निगम की सीवरेज परियोजना का भूमि-पूजन होगा। इसके साथ ही 2.90 करोड़ रुपये की लागत से पंधाना बस स्टैंड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और रैन बसेरा निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी जाएगी।
महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
राज्य सरकार के अनुसार, यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। नियमित वित्तीय सहायता से परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और महिलाओं की सामाजिक भागीदारी भी बढ़ रही है।
पंधाना में आयोजित यह कार्यक्रम राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां एक ओर महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी, वहीं दूसरी ओर क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।






