अलग होने की खबरों के बीच मौनी रॉय-सूरज ने फिर किया एक-दूसरे को इंस्टाग्राम पर फॉलो
अभिनेत्री Mouni Roy और बिजनेसमैन Suraj Nambiar ने अलग होने की खबरों के बीच एक बार फिर इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को फॉलो करना शुरू कर दिया है। हाल ही में दोनों द्वारा एक-दूसरे को अनफॉलो करने के बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
शनिवार को फैंस ने नोटिस किया कि दोनों फिर से एक-दूसरे की फॉलोइंग लिस्ट में दिखाई दे रहे हैं। इससे पहले खबरें थीं कि दोनों ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया था, जिससे उनके रिश्ते में दूरी की अटकलें और बढ़ गई थीं।
दिलचस्प बात यह है कि मौनी रॉय ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शादी की तस्वीरें और सूरज के साथ पुराने पोस्ट अब तक डिलीट नहीं किए हैं। उनके प्रोफाइल पर शादी और साथ बिताए पलों की कई तस्वीरें अब भी मौजूद हैं। वहीं, सूरज नांबियार के अकाउंट पर मौनी से जुड़ी एक तस्वीर दिखाई दे रही है, हालांकि उसमें उनका चेहरा स्पष्ट नजर नहीं आता।
गुरुवार को अलग होने की घोषणा की थी
गुरुवार को दोनों ने एक जॉइंट इंस्टाग्राम नोट जारी कर अपनी शादी खत्म करने का फैसला सार्वजनिक किया था। साझा बयान में उन्होंने कहा था कि उन्होंने आपसी सम्मान और समझदारी के साथ अलग-अलग रास्तों पर आगे बढ़ने का फैसला किया है। साथ ही दोनों ने यह भी कहा था कि वे आने वाले समय में दोस्ती बनाए रखने की कोशिश करेंगे।
बयान में मीडिया द्वारा निजी जिंदगी में दखल और रिश्ते को लेकर फैलाई जा रही गलत खबरों पर भी नाराजगी जताई गई थी। दोनों ने लोगों से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की थी।
2018 में हुई थी पहली मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, मौनी रॉय और सूरज नांबियार की पहली मुलाकात 2018 में दुबई में हुई थी। करीब चार साल तक डेट करने के बाद दोनों ने 27 जनवरी 2022 को गोवा में शादी की थी। अब अलग होने की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर दोबारा एक-दूसरे को फॉलो करने से फैंस के बीच नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।






