मुरैना में बेखौफ चालक की दबंगई ; बिना नंबर प्लेट ट्रैक्टर चालक ने स्कॉर्पियो में मारी टक्कर, आरोपी फरार
मुरैना में परिवहन विभाग की टीम पर हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नेशनल हाईवे-44 पर वाहनों की चेकिंग दौरान परिवहन विभाग की टीम पर हमला किया गया। एक बिना रजिस्ट्रेशन वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने रुकने का इशारा करते हुए टीम की स्कॉर्पियो गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी और भाग निकला। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के रोके जाने पर मारी टक्कर
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। परिवहन एसआई मीनाक्षी गोखले अपने स्टाफ और एसएएफ टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रही थीं। तभी एक नीले रंग का बिना नंबर वाला स्वराज ट्रैक्टर वहां से गुजरा। टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और विभाग की खड़ी स्कॉर्पियो में टक्कर मारते हुए भागने लगा।
घटना स्थल से भाग निकला चालक
परिवहन विभाग और एसएएफ की टीम ने तुरंत उसका पीछा किया। भागने की हड़बड़ी में चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली एक बिजली के खंभे में दे मारी। इसके बाद वह ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली हुई जब्त
घटना के तुरंत बाद परिवहन टीम ने सिविल लाइन थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सिविल लाइन थाना प्रभारी टीआई उदयभान यादव ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों पर कार्रवाई के दौरान यह हमला हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है।
चूंकि वाहन पर कोई नंबर प्लेट मौजूद नहीं थी, इसलिए पुलिस ने ट्रैक्टर के चेसिस नंबर (WXTG 30405046164) के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान परिवहन एसआई मीनाक्षी गोखले के साथ आरक्षक संतोष कुमार गुप्ता, कोमल सिंह, शशांक द्विवेदी और एसएएफ स्टाफ के एएसआई बृजेंद्र पाण्डेय सहित एक प्रधान आरक्षक व पांच आरक्षक मौजूद थे।
