पत्थरों से भरी ट्रॉली ने ऑटो को मारी टक्कर; मुरैना में मंदिर जा रहे दो श्रद्धालुओं की मौत

मुरैना जिले के माता बसैया थाना क्षेत्र में पारासर की तिबारियां के पास सोमवार सुबह पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो को टक्कर मार दी। ऑटो में श्रद्धालू सवार थे। हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौके पर मौत हो गई, जबकि सात श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरे पत्थर अवैध थे।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु बानमौर से माता बसैया मंदिर दर्शन के लिए ऑटो से जा रहे थे। इसी दौरान पारासर की तेवरिया के पास सामने से आ रही पत्थरों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
हादसे में इनकी मौत हुई
- महेंद्र पुत्र बाबू लाल राठौर (50)
- मनोरमा पत्नी राजेंद्र राठौर (45)
- ऑटो रिक्शा का ड्राइवर
हादसे में 5 घायल, 3 गंभीर
- सूरज पुत्र महेंद्र राठौर (24)
- वंशिका पुत्री राहुल (2)
- गुंजन पुत्री भूरा राठौर (11)
- अंजलि पत्नी सूरज राठौर (21)
- मीना पत्नी रामकरण राठौर (45)