ईरान को मिला नया सर्वोच्च नेता, अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई चुने गए उत्तराधिकारी

अमेरिका और इजराइल के सैन्य हमले में 28 फरवरी को मारे गए ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बाद अब उनके बेटे अयातुल्ला सैयद मोजतबा खामेनेई को देश का नया सर्वोच्च नेता (Supreme Leader) चुना गया है।
यह फैसला ईरान की 88 सदस्यीय एक्सपर्ट्स असेंबली (मजलिस-ए-खोबरेंगान-ए-रहरी) ने लिया। यह संस्था ईरान की सबसे शक्तिशाली धार्मिक परिषद मानी जाती है, जो सर्वोच्च नेता का चयन करती है।
तेहरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम के अनुसार, असेंबली ने रविवार देर रात बैठक के बाद भारी बहुमत से मोजतबा खामेनेई को इस्लामिक क्रांति का तीसरा सर्वोच्च नेता घोषित किया।
37 साल तक किया था अली खामेनेई ने नेतृत्व
असेंबली ने अपने बयान में कहा कि मोजतबा के पिता अयातुल्ला अली खामेनेई ने वर्ष 1989 में इमाम रुहोल्लाह खुमैनी की मृत्यु के बाद लगभग 37 वर्षों तक ईरान का नेतृत्व किया।
उनकी मृत्यु के बाद युद्ध जैसे हालात और बाहरी खतरों के बावजूद असेंबली ने संवैधानिक जिम्मेदारी निभाते हुए तुरंत नए नेता के चयन की प्रक्रिया शुरू की।
पहली बार संभालेंगे कोई आधिकारिक पद
रिपोर्ट के अनुसार मोजतबा खामेनेई को लंबे समय से इस पद का संभावित दावेदार माना जाता रहा है। हालांकि उन्होंने पहले कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा और न ही किसी सरकारी पद पर नियुक्त हुए।
सरकारी टेलीविजन ने सुबह प्रसारण में घोषणा करते हुए कहा कि मोजतबा को मजबूत समर्थन के आधार पर चुना गया है और देशवासियों से उनके पीछे एकजुट होने की अपील की गई।
सेना और रिवोल्यूशनरी गार्ड के भी सर्वोच्च कमांडर
ईरान में सर्वोच्च नेता का पद बेहद शक्तिशाली माना जाता है। इस पद के साथ मोजतबा खामेनेई अब ईरान की सेना और शक्तिशाली इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के सर्वोच्च कमांडर भी होंगे।
ईरान समर्थित लेबनानी संगठन हिजबुल्लाह ने भी उन्हें इस्लामी क्रांति का नया नेता बताते हुए समर्थन व्यक्त किया है।
अमेरिका से टकराव की आशंका
मोजतबा खामेनेई के नेतृत्व को लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में भी चर्चा तेज हो गई है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि खामेनेई का बेटा उन्हें स्वीकार्य नहीं है, जिससे भविष्य में अमेरिका-ईरान संबंधों में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
राष्ट्रपति ने दी बधाई
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने मोजतबा खामेनेई को सर्वोच्च नेता चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि यह फैसला देश के लिए “ताकत और सम्मान के नए युग” की शुरुआत करेगा।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय ईरान की राष्ट्रीय एकता को मजबूत करेगा और देश को बाहरी चुनौतियों का सामना करने में मदद देगा।






