नंदानगर में श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की महाआरती, विधायक रमेश मेंदोला के नेतृत्व में उमड़ा भक्तों का सैलाब

इंदौर, 27 अक्टूबर 2025 —
नंदानगर गणेश मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन सोमवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से शामिल हुए और व्यासपीठ पर आशीर्वाद लेने के बाद महाआरती की। आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था और श्रद्धालुजनों के स्वागत की जिम्मेदारी विधायक रमेश मेंदोला ने स्वयं संभाली।

मुख्यमंत्री के पहुंचने पर विधायक रमेश मेंदोला ने पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर श्रीमद् जगद्गुरु द्वाराचार्य अग्रपीठाधीश्वर – मलुकपीठाधीश्वर स्वामी श्री राजेंद्रदास देवाचार्य महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा —

“सनातन धर्म संस्कृति की ध्वजा सदैव फहरती रहनी चाहिए। सेवा, ईमानदारी और भक्ति ही जीवन का आधार हैं। हर व्यक्ति को भगवान के नाम का जप करना चाहिए, क्योंकि नाम-स्मरण से ही आत्मशुद्धि और कल्याण संभव है।”
महाराजश्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को धर्म का आश्रय लेकर जीवन जीना चाहिए। भागवत तत्व का ज्ञान जीवन को सफल बनाता है, और भक्ति एवं भगवत प्रेम ही मानव जीवन का सच्चा उद्देश्य है।
कथा स्थल पर मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया। बड़ी संख्या में साधु-संतों, ब्राह्मणों और श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण किया। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर राधे राधे बाबा, पंचकुइया पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर रामगोपालदास महाराज, महामंडलेश्वर रामचरणदास महाराज, पवनदास महाराज, जानकीवल्लभदास महाराज सहित अनेक संत उपस्थित रहे।
व्यासपीठ का पूजन-अर्चन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री तुलसी सिलावट, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत खरे, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, चंदू शिंदे, जीतू यादव और विधायक रमेश मेंदोला ने संयुक्त रूप से किया।
विधायक रमेश मेंदोला ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा श्रीमद् जगद्गुरु द्वाराचार्य अग्रपीठाधीश्वर-मलुकपीठाधीश्वर स्वामी श्री राजेंद्रदास देवाचार्य महाराज के मुखारविंद से 30 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक आयोजित की जा रही है।






