| |

मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: आज रात तक होंगे ट्रांसफर, इंदौर मेट्रो की लागत बढ़ी, स्वास्थ्य नीति 2026 को मंजूरी

मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम जनहित के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि ट्रांसफर प्रक्रिया आज रात 12 बजे तक पूरी कर दी जाएगी और इसकी अवधि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।

इसके अलावा इंदौर मेट्रो रेल परियोजना की लागत में वृद्धि, स्वास्थ्य क्षेत्र में नई प्रोत्साहन नीति और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए हैं। इन फैसलों को राज्य के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

ट्रांसफर नीति पर स्पष्ट निर्णय

कैबिनेट बैठक में ट्रांसफर को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि स्वीकृत ट्रांसफर आदेश आज रात 12 बजे तक पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि ट्रांसफर की अवधि अब आगे नहीं बढ़ाई जाएगी, जिससे कर्मचारियों में असमंजस खत्म होगा।

इंदौर मेट्रो परियोजना की लागत बढ़ी

कैबिनेट ने इंदौर मेट्रो रेल परियोजना की संशोधित लागत को मंजूरी दी है। पहले यह परियोजना लगभग 7,500 करोड़ रुपये की थी, जिसे बढ़ाकर अब 12,900 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इससे परियोजना के विस्तार और आधुनिककरण को गति मिलने की उम्मीद है.

24 हजार करोड़ की योजनाओं को मिली निरंतरता

बैठक में करीब 24 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं को निरंतरता देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई. ये योजनाएं राज्य के विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Share