मध्य पूर्व में सैन्य हमलों के बाद तनाव से कच्चे तेल के दाम में 7.60 फीसदी की उछाल

मध्य पूर्व में युद्ध और सैन्य तनाव के तेज होने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में 7 फीसदी से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। अमेरिका और इजरायल के ईरान पर किए गए सैन्य हमलों के बाद वैश्विक तेल बाजार में तेजी बनी हुई है।
ब्रेंट क्रूड का भाव सोमवार को 7.60% बढ़कर 78.41 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि WTI क्रूड ऑयल का वायदा भाव 7.19% बढ़कर 71.86 डॉलर प्रति बैरल रहा।
इस बीच, ओपेक (OPEC) ने अगले महीने से तेल उत्पादन बढ़ाने पर सहमति जताई है। सऊदी अरब और रूस के नेतृत्व में प्रमुख सदस्य प्रतिदिन 2 लाख 6 हजार बैरल अतिरिक्त उत्पादन करेंगे।
विश्लेषकों का कहना है कि मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव के कारण वैश्विक वायदा बाजार में तेल की खरीदारी बढ़ गई है। यदि हॉर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवधान जारी रहता है, तो ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जा सकती है। गंभीर स्थिति में कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल से अधिक भी हो सकते हैं।
लंबे समय तक तनाव बने रहने से परिवहन और समुद्री बीमा लागत बढ़ने, और खाड़ी क्षेत्र के समुद्री मार्गों में व्यवधान के कारण वैश्विक व्यापार संतुलन पर भी दबाव पड़ सकता है।






