अब हवा में उंगलियां घुमाकर भेजें मैसेज! Meta के AI स्मार्ट ग्लास में आए कमाल के फीचर्स

अब बिना मोबाइल निकाले और बिना कीबोर्ड छुए भी मैसेज भेजना संभव होगा। Meta ने अपने Meta Ray-Ban Smart Glasses के लिए कई नए फीचर्स का ऐलान किया है, जिनमें सबसे खास है हवा में उंगलियां घुमाकर टाइपिंग करने की सुविधा। यह फीचर न्यूरल रिस्टबैंड की मदद से काम करेगा।
करीब छह महीने पहले लॉन्च किए गए मेटा के इस AI स्मार्ट ग्लास में अब ऐसे फीचर्स जोड़े गए हैं, जो यूजर्स के कम्युनिकेशन एक्सपीरियंस को और आसान बनाएंगे। हालांकि, फिलहाल Meta Ray-Ban Smart Glasses भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
हवा में उंगलियां घुमाकर होगी टाइपिंग
नए अपडेट के तहत सबसे खास फीचर ‘Neural Handwriting’ है। इसकी मदद से यूजर बिना स्मार्टफोन निकाले, बिना फिजिकल या डिजिटल कीबोर्ड इस्तेमाल किए हवा में उंगलियों की मूवमेंट से टाइपिंग कर सकेंगे।
उदाहरण के तौर पर, अगर किसी यूजर को अंग्रेजी का ‘M’ लिखना है, तो वह हवा में उसी अक्षर की आकृति बनाते हुए उंगलियां घुमाएगा। स्मार्ट ग्लास और रिस्टबैंड उस जेस्चर को समझकर उसे टेक्स्ट में बदल देंगे।
न्यूरल रिस्टबैंड करेगा कमाल
इस तकनीक को इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को न्यूरल रिस्टबैंड पहनना होगा, जिसे मेटा ने स्मार्ट ग्लास के साथ पेश किया है। यह बैंड हाथों की गतिविधियों और जेस्चर को ट्रैक करता है और उन्हें कमांड में ट्रांसलेट करता है।
WhatsApp समेत सभी मैसेजिंग ऐप्स को सपोर्ट
लेटेस्ट अपडेट के बाद यह फीचर WhatsApp, Messenger, Instagram और Android-iOS के मैसेजिंग ऐप्स को भी सपोर्ट करेगा। यानी यूजर्स बिना फोन हाथ में लिए सीधे मैसेज टाइप और भेज सकेंगे।
और भी मिले नए फीचर्स
जेस्चर बेस्ड टाइपिंग के अलावा कंपनी ने डिस्प्ले रिकॉर्डिंग, बेहतर नेविगेशन और लाइव कैप्शन एक्सपेंड जैसे फीचर्स भी शामिल किए हैं। माना जा रहा है कि ये अपडेट AI स्मार्ट ग्लास को ज्यादा स्मार्ट और उपयोगी बना देंगे।
टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह फीचर भविष्य में वियरेबल टेक्नोलॉजी और AI कम्युनिकेशन को नया आयाम दे सकता है, जहां बिना स्क्रीन और कीबोर्ड के डिजिटल इंटरैक्शन संभव होगा।






