|

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने संभाला सड़कों का मोर्चा, देर रात खुद कर रहे निरीक्षण – 15 दिन में मुख्य मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश

इंदौर। बारिश के कारण शहर की सड़कों की जर्जर स्थिति को सुधारने के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। महापौर ने देर रात शहर के विभिन्न इलाकों में चल रहे पेंचवर्क और सड़क मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। उनका यह सक्रिय रुख नगर निगम टीमों में भी नई ऊर्जा भर रहा है।

महापौर ने रावजी बाजार, फूटी कोठी रोड और बॉम्बे हॉस्पिटल क्षेत्र में सड़कों के कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को गुणवत्ता पर कोई समझौता न करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि “सड़क निर्माण और मरम्मत में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

महापौर भार्गव ने बताया कि शहर में प्रतिदिन चार से अधिक स्थानों पर पेंचवर्क कार्य जारी हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों में मुख्य मार्गों की मरम्मत पूरी की जाए, जिसके बाद वार्डों और गलियों में भी अभियान को विस्तार दिया जाएगा।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले महापौर ने एमपीआरडीसी अधिकारियों को फटकार लगाई थी, जिसके बाद मुसाखेड़ी और देवास नाका क्षेत्र में सत्यसांई सर्विस रोड का काम तेज़ी से पूरा हुआ। इससे क्षेत्रीय यातायात में सुधार देखने को मिला है।

महापौर का यह सख्त और सक्रिय रवैया साफ संकेत देता है कि इंदौर नगर निगम अब शहर को गड्ढामुक्त सड़कों की दिशा में मिशन मोड पर काम कर रहा है। प्रशासन का दावा है कि आने वाले दिनों में नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा और सुगम यातायात का अनुभव होगा।

Share

Similar Posts