मायावती की मांग- खाड़ी तनाव के बीच एलपीजी, पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करे सरकार

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच केंद्र सरकार से देशभर में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।
पार्टी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मायावती ने कहा कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष का असर भारत पर भी पड़ रहा है, जिससे पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति और कीमतों पर दबाव बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण गरीब और मेहनतकश वर्ग की स्थिति और खराब हो गई है, जिसे उन्होंने ‘गरीबी में आटा गीला’ जैसी स्थिति बताया। सरकार को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि जनता को अतिरिक्त आर्थिक बोझ से राहत मिल सके।
मायावती ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और सरकारी उदासीनता से आम जनता परेशान है और बसपा से उम्मीदें बढ़ी हैं। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पूरी निष्ठा से काम करें और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सरकार को विपक्ष को साथ लेकर दीर्घकालिक नीति बनानी चाहिए और आत्मनिर्भरता को केवल नारा नहीं बल्कि वास्तविकता में बदलना होगा।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर मायावती ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में बसपा की सरकार बनेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में आपराधिक छवि वाले लोगों को टिकट नहीं दिया जाएगा और सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा।
आरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों के अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, जो चिंताजनक है।
मायावती ने आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए।






