| |

मांडव के सात कोठडी महादेव मंदिर के विकास की मांग: मंडल ने कलेक्टर से की मुलाकात; सुविधाएं बढ़ाने पर हुई चर्चा

धार। मांडव के ऐतिहासिक सात कोठडी महादेव मंदिर के विकास को लेकर मित्र मंडल ने कलेक्टर राजीव रंजन मीणा से मुलाकात की। शनिवार को हुई इस मुलाकात में मंदिर की व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। श्रद्धालुओं को हो रही परेशानियों की जानकारी दी गई।

मित्र मंडल ने मंदिर में स्वच्छता और पेयजल की व्यवस्था सुधारने की मांग की। पहुंच मार्ग और प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने की बात कही। मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण की मांग भी रखी।

विकास कार्यों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन
मित्र मंडल ने मंदिर के विकास एवं संरक्षण के लिए अब तक किए गए प्रयासों की जानकारी भी कलेक्टर को दी। सदस्यों ने कहा कि सात कोठडी महादेव मांडव की धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां देश-प्रदेश से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, ऐसे में सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।

कलेक्टर राजीव रंजन मीणा ने सदस्यों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने मंदिर से जुड़े विकास कार्यों पर शीघ्र आवश्यक विचार और कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखना आवश्यक है।

व्यवस्थित शिवधाम बनाने का संकल्प
मित्र मंडल के सदस्यों ने कलेक्टर का आभार जताते हुए कहा कि सात कोठडी महादेव मंदिर को सुव्यवस्थित, स्वच्छ और आकर्षक शिवधाम के रूप में विकसित करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

इस अवसर पर मित्र मंडल के सदस्य राजीव जोशी, श्रीजीत तोमर, बंटी डोड, रॉकी मक्कड़ सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Share