|

महू में दूषित पेयजल से 22 लोग बीमार, देर रात अस्पताल पहुंचे कलेक्टर शिवम वर्मा

पट्टी बाजार और चंदर मार्ग क्षेत्र में दूषित पेयजल के कारण 22 लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा देर रात महू पहुंचे और अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

बताया गया कि दूषित पानी के सेवन से बीमार हुए लोगों में से 9 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि अन्य लोग अपने घरों पर ही उपचार ले रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं है।

घटना के बाद सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और प्रभावित क्षेत्र में निगरानी की जा रही है। क्षेत्रीय विधायक उषा ठाकुर ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सभी मरीजों के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही महू कैंट बोर्ड को पेयजल की जांच कराने और क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कलेक्टर ने बताया कि कल सुबह से क्षेत्र में सर्वे शुरू किया जाएगा, ताकि जिन लोगों में बीमारी के लक्षण पाए जाएं, उन्हें समय पर उपचार दिया जा सके। हल्के लक्षण वाले मरीजों का घर पर इलाज किया जाएगा, जबकि गंभीर स्थिति में मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार भर्ती मरीजों में से कुछ को कल डिस्चार्ज भी किया जा सकता है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Share

Similar Posts