| | |

महाकाल ने भस्म आरती में देवी स्वरूप में दिए दर्शन: भांग-चंदन और भस्म से हुआ श्रृंगार; पंचामृत से किया अभिषेक

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में सावन मास के 16 वें दिन शुक्रवार को बाबा महाकाल की भस्म आरती श्रद्धा, आस्था और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई। तड़के मंदिर के कपाट खुलते ही गर्भगृह में भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद, शक्कर और फलों के रस से पंचामृत अभिषेक कर कर्पूर आरती की गई। नंदी महाराज का भी विधि-विधान से स्नान और पूजन हुआ।

सुगंधित पुष्पों से सजाया
अभिषेक के बाद बाबा महाकाल का देवी स्वरूप मे किया श्रंगार भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। भांग, चंदन और पवित्र भस्म से भगवान का अलौकिक श्रृंगार किया गया। रजत चंद्र, त्रिशूल मुकुट, शेषनाग मुकुट, रुद्राक्ष और मुंडमाला के साथ सुगंधित पुष्पों से बाबा महाकाल को सजाया गया।

हर-हर महादेव से गुंजा मंदिर परिसर 
भस्म आरती के दिव्य दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे। आरती के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय महाकाल के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने बाबा महाकाल के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

Share