|

माघ मेला: बसंत पंचमी पर सुबह 10 बजे तक 1 करोड़ 40 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी

विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज माघ मेले में बसंत पंचमी के पावन स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। माघ मेला अधिकारी ऋषिराज के अनुसार, शुक्रवार सुबह 10 बजे तक लगभग 1 करोड़ 40 लाख श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। श्रद्धालुओं का संगम तटों पर निरंतर आगमन जारी है।

सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु हर-हर गंगे और बम-बम भोले के जयघोष के साथ संगम में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। बसंत पंचमी का स्नान माघ मेले के प्रमुख स्नानों में से एक माना जाता है, जिस कारण देश-विदेश से बड़ी संख्या में साधु-संत, कल्पवासी और श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचे हैं।

सुरक्षा और व्यवस्थाएं चाक-चौबंद

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संगम क्षेत्र सहित सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस, पीएसी, जल पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की तैनाती की गई है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।

माघ मेला प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं से अपील कर रहा है कि स्नान के बाद घाटों को शीघ्र खाली करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

श्रद्धालुओं में उत्साह

देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं में बसंत पंचमी के पावन स्नान को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कई श्रद्धालुओं ने इसे जीवन का सौभाग्य बताते हुए कहा कि संगम स्नान से उन्हें आध्यात्मिक शांति की अनुभूति हो रही है।

प्रशासन के अनुसार श्रद्धालुओं की संख्या में दिन चढ़ने के साथ और वृद्धि होने की संभावना है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं।

Share

Similar Posts