मध्यप्रदेश दिव्यांग क्रिकेट को नई पहचान : अंकित शर्मा हुए सम्मानित ; DCCBI ने दिया बड़ा अवॉर्ड

भोपाल। दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (DCCBI) के वार्षिक खेल सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश टीम के कोच अंकित शर्मा को ‘बेस्ट मेंटर ऑफ द ईयर’ सम्मान दिया गया। उन्हें यह सम्मान दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और क्रिकेट में उनके अच्छे प्रदर्शन के लिए दिया गया है।
मध्यप्रदेश टीम ने जीता पटना नेशनल 2025 का खिताब
अंकित शर्मा के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश दिव्यांग क्रिकेट टीम ने पटना नेशनल 2025 प्रतियोगिता जीती। इसके अलावा पुणे और कश्मीर में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में टीम दूसरे स्थान पर रही। लगातार अच्छे प्रदर्शन से मध्यप्रदेश की टीम की पहचान देशभर में मजबूत हुई है।
इंडिया-ए टीम में प्रदेश के 6 खिलाड़ी चुने गए
हाल ही में मध्यप्रदेश के 6 खिलाड़ियों का चयन इंडिया-ए टीम में हुआ। इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया। इसे अंकित शर्मा की मेहनत और खिलाड़ियों को दिए गए प्रशिक्षण का बड़ा परिणाम माना जा रहा है।
10 संभागों तक पहुंचा दिव्यांग क्रिकेट
अंकित शर्मा ने मध्यप्रदेश दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन का काम प्रदेश के 10 संभागों तक बढ़ाने में मदद की। इससे छोटे शहरों और गांवों के खिलाड़ियों को भी खेलने और आगे बढ़ने का मौका मिला।
प्रदेश के 6 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे
उनके मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश के 6 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत की ओर से खेल चुके हैं। यह प्रदेश के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।
सम्मान मिलने पर खेल जगत और दिव्यांग क्रिकेट से जुड़े लोगों ने अंकित शर्मा को बधाई दी। अंकित शर्मा ने कहा कि यह सम्मान सभी खिलाड़ियों और सहयोगियों की मेहनत का परिणाम है, जो दिव्यांग क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।