मध्यप्रदेश में मानसून का कहर: कई जिलों में मूसलाधार बारिश, नदियां उफान पर, खंडवा में रेड अलर्ट
मध्यप्रदेश में मानसून जमकर बरस रहा है। कई जिलों में 24 घंटे से ज्यादा बारिशहो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, इंदौर में ढाई इंच से ज्यादा बारिश अब तक हो चुकी है। मंडला में 2.2 इंच, खंडवा में पौने 2 इंच, भोपाल में डेढ़ इंच, दतिया, नौगांव और बालाघाट में सवा इंच, रतलाम, बैतूल और धार में 1 इंच, खरगोन में आधा इंच से ज्यादा, पचमढ़ी और दमोह में आधा इंच, जबकि नर्मदापुरम, जबलपुर और उमरिया में पौन इंच बारिश हुई।
प्रदेश के कई नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। घरों और खेतों में पानी भर गया है, जबकि कई सड़कों और पुलों पर पानी बहने से यातायात प्रभावित हुआ है। इधर हरदा में तेज बारिश के कारण कई गांवों का संपर्क कट गया है। ग्राम मांदला के पास कालीमाचक नदी का पानी पुल से करीब तीन फीट ऊपर बह रहा है, जिससे नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे बंद हो गया है।
खंडवा में रेड अलर्ट, आवागमन पूरी तरह बंद
खंडवा में पिछले कई घंटों से झमाझम बारिश जारी है। रेड अलर्ट के बीच यहां चार इंच तक बारिश होने का अनुमान है। लगातार हो रही तेज बारिश के चलते खंडवा जिले के किल्लौद ब्लॉक के ग्राम गरबड़ी स्थित नाले में बाढ़ आ गई। उफनते नाले के कारण खिरकिया मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रसाशन की ओर से अपील है कि सभी सुरक्षित स्थान पर ही रहें, नदी नाले पार न करें। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के कई निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है।