|

मध्यप्रदेश में मार्च में ही तेज गर्मी, कई शहरों में दिन के समय ‘लू’ जैसी स्थिति

मध्य प्रदेश में इस मार्च महीने में ही तेज गर्मी का दौर देखने को मिल रहा है। दिन के समय कई शहरों में ‘लू’ जैसी स्थिति रही, जबकि रात और सुबह हल्की ठंडक बनी हुई है। सोमवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित कई शहरों में तापमान 39 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। मंगलवार को भी तेज गर्मी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस साल मार्च में पिछले साल की तुलना में ज्यादा गर्मी देखी जा रही है। भोपाल, इंदौर और रीवा-शहडोल संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.9 से 2.7 डिग्री अधिक है। वहीं ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग में तापमान सामान्य से 3.1 से 4.6 डिग्री तक ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्सों में दिन का तापमान 35 डिग्री या उससे अधिक बना हुआ है।

मार्च के पहले पखवाड़े में ही कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। सोमवार को रतलाम सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा खजुराहो, धार, गुना, दमोह, सागर, श्योपुर और मंडला में तापमान 38 डिग्री या उससे अधिक रहा। बड़े शहरों में ग्वालियर और उज्जैन सबसे गर्म रहे, जहां तापमान 37 डिग्री पार गया। भोपाल में 36.8 डिग्री, इंदौर में 36.4 डिग्री और जबलपुर में 36 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हवा की दिशा बदलने के कारण गर्मी तेजी से बढ़ रही है। पहले हवाएं उत्तर-पूर्व दिशा से चल रही थीं, अब उनका रुख पश्चिम और उत्तर-पश्चिम की ओर हो गया है। साथ ही हवा में नमी कम होने और रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म हवाओं के कारण तापमान बढ़ रहा है।

पूर्वानुमान है कि 15 मार्च के बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में हल्के बादल और बूंदाबांदी की संभावना है। आमतौर पर मार्च के दूसरे पखवाड़े में तेज गर्मी का दौर शुरू होता है, लेकिन इस बार यह पहले ही शुरू हो गया है।

Share

Similar Posts