| |

मध्य प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में, 15 शहरों में पारा 43 डिग्री पार; खंडवा सबसे गर्म

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेश के इंदौर और उज्जैन संभाग सबसे अधिक गर्मी की चपेट में हैं। शनिवार को खंडवा और नौगांव में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश के 15 शहरों में पारा 43 डिग्री या उससे ऊपर पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को रतलाम, खरगोन और खंडवा में तीव्र लू (Heatwave) चलने की संभावना है। इन जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, धार, बुरहानपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज और सीधी समेत कई जिलों में भी लू का असर बना रहेगा।

वहीं, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर, मंदसौर, देवास, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया और कटनी में तेज गर्मी पड़ने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 से 19 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा और रविवार को बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।

गौरतलब है कि प्रदेश में 30 अप्रैल से 15 मई के बीच कई बार आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिला था। पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवात और टर्फ सिस्टम के असर से मौसम लगातार बदलता रहा, लेकिन अब मौसम साफ होते ही गर्मी ने अचानक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।

Share

Similar Posts