टीजर के साथ ‘मां बहन’ की रिलीज तारीख का ऐलान

माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी की बहुप्रतीक्षित डार्क कॉमेडी फिल्म ‘मां बहन’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। इसके साथ ही निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट का भी आधिकारिक ऐलान कर दिया है। सुरेश त्रिवेणी के निर्देशन में बनी यह फिल्म लंबे समय से चर्चा में बनी हुई थी।

करीब 46 सेकंड के टीजर में माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी एक लाश को ठिकाने लगाने की कोशिश करती नजर आती हैं। इस दौरान धर्णा दुर्गा भी उनकी मदद करती दिखाई देती हैं। फिल्म में तृप्ति और धर्णा, माधुरी की बेटियों की भूमिका निभा रही हैं।

टीजर में डार्क ह्यूमर, रहस्य और हल्की-फुल्की कॉमेडी का अनोखा मिश्रण देखने को मिला है। अभिनेता रवि किशन भी फिल्म में अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। कहानी एक अनचाहे अपराध और उससे पैदा हुई मुश्किल परिस्थितियों के इर्द-गिर्द घूमती दिखाई दे रही है।

टीजर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है। दर्शक माधुरी दीक्षित के नए अंदाज और तृप्ति डिमरी की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

‘मां बहन’ 4 जून 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। फिल्म को लेकर फैंस के बीच अभी से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

Share

Similar Posts