‘लोमड़ी’ बयान पर कंगना की सफाई: बोलीं- कब खत्म होगी पाकिस्तान प्रेम की कहानी; झारखंड के बच्चे Gen Z नहीं

मुंबई। कंगना रनौत ने वरिष्ठ अभिनेता नसीरुद्दीन शाह को ‘लोमड़ी’ कहने वाली अपनी टिप्पणी पर सफाई दी है। कंगना ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री का एक वर्ग देश से जुड़े मुद्दों पर अपनी सुविधा के हिसाब से बोलता है। उन्होंने नसीरुद्दीन शाह के बयानों और पाकिस्तान को लेकर उनके रुख पर सवाल उठाए।
कंगना ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों के दौरान कई लोगों ने आंसू बहाए, लेकिन झारखंड में बच्चों के साथ हो रही कथित ज्यादती पर वही लोग चुप हैं। उन्होंने सवाल किया कि अगर प्रदर्शन करने वाले युवा Gen Z हैं, तो झारखंड के बच्चे Gen Z क्यों नहीं हैं।
कंगना ने कहा कि देश और प्रधानमंत्री के खिलाफ बयान देने वालों को ही Gen Z मानना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि वह खुद एक युवा और कामकाजी महिला हैं और अपने करियर के लिए काम कर रही हैं।
नसीरुद्दीन शाह के बयान पर बोलीं कंगना
कंगना ने नसीरुद्दीन शाह के एक वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक बातें और धमकियां दी गई थीं। प्रधानमंत्री देश के चुने हुए नेता हैं और उनके पद का सम्मान किया जाना चाहिए। कंगना ने अपनी पुरानी टिप्पणी को लेकर कहा कि उन्होंने नसीरुद्दीन शाह को ‘लोमड़ी’ उनके बयानों और रुख की वजह से कहा था।

पाकिस्तान को लेकर कंगना ने उठाया सवाल
कंगना ने बॉलीवुड के एक वर्ग पर पाकिस्तान के प्रति नरम रुख रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश के बंटवारे को कई साल हो चुके हैं, फिर भी पाकिस्तान को लेकर यह ‘लव स्टोरी’ खत्म क्यों नहीं हो रही है।
कंगना ने पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब देश सुरक्षा से जुड़े मुद्दों से जूझ रहा है, तब बॉलीवुड का पाकिस्तान के साथ यह लगाव कब खत्म होगा।
सेलिब्रिटीज तब बोलेंगे, जब जमीर कहेगा
नसीरुद्दीन शाह ने दिल्ली में हुए एक प्रदर्शन को लेकर बॉलीवुड के सितारों की चुप्पी पर सवाल उठाया था। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा था कि सेलिब्रिटीज तब बोलेंगे, जब उनका जमीर उन्हें ऐसा करने के लिए कहेगा।

जिस कुत्ते के मुंह में हड्डी होती है, वह भौंक नहीं सकता
उन्होंने एक कहावत का जिक्र करते हुए कहा था कि जिस कुत्ते के मुंह में हड्डी होती है, वह भौंक नहीं सकता। इसके बाद पीयूष मिश्रा के बयान पर कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए नसीरुद्दीन शाह पर निशाना साधा था। कंगना और नसीरुद्दीन शाह ने किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया है। हालांकि, 2018 में दोनों Film Companion के एक टॉक शो में साथ नजर आए थे।