उत्तराखंड के चमोली में टनल धंसने से हादसा: 8 को सुरक्षित निकाला गया; कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका

उत्तराखंड। चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में THDC जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग धंसने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के समय सुरंग के भीतर 20 से 25 मजदूर काम कर रहे थे। सुरंग का एक हिस्सा अचानक धंसने और पानी भरने से अंदर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 10 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य फंसे मजदूरों को निकालने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
सुरंग के भीतर निर्माण कार्य चल रहा था
प्रशासन के अनुसार हादसे के दौरान सुरंग के भीतर निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक सुरंग का हिस्सा धंस गया और पानी भरने लगा, जिससे मजदूरों के बाहर निकलने में कठिनाई हुई। राहत दल लगातार सुरंग के भीतर पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने SDFR और NDRF टीम भेजा
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों से तत्काल जानकारी ली। उन्होंने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से राहत और बचाव अभियान चलाने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरंग में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पल-पल की जानकारी ले रहे CM धामी
मुख्यमंत्री लगातार वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं और पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश देते हुए प्रभावित मजदूरों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। राज्य सरकार ने मौके पर सभी जरूरी संसाधन तैनात कर दिए हैं और बचाव अभियान लगातार जारी है।