लीबिया से ग्रीस जा रही प्रवासियों की नाव भटकी, 22 की मौत, 12 बांग्लादेशी शामिल

लीबिया से ग्रीस जा रही प्रवासियों से भरी एक नाव समुद्र में रास्ता भटक गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कुल 22 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 12 युवा बांग्लादेश के नागरिक बताए जा रहे हैं।
सुनामगंज के उपायुक्त मोहम्मद इलियास मिया ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जिला प्रशासन इस मामले में मानव तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा।
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजन सरकार ने बताया कि अब तक 12 मृतकों की पहचान की पुष्टि हो चुकी है। इनमें छह लोग डेराई उपजिला, पांच जगन्नाथपुर उपजिला और एक दोराबाजार उपजिला का निवासी था।
प्रशासन के मुताबिक, 28 मार्च को बचाए गए 26 लोगों को ग्रीस के एक शिविर में रखा गया है। वहीं, मृतकों के शव समुद्र से बरामद कर लिए गए हैं।
पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया है कि मानव तस्करों ने युवकों को 12 से 15 लाख टका के बदले इटली पहुंचाने का झांसा दिया था। इसके बाद उन्हें पहले लीबिया ले जाया गया और फिर जबरदस्ती भीड़भाड़ वाली नावों में बैठा दिया गया।
बताया गया कि ग्रीक कोस्ट गार्ड ने 28 मार्च को 26 लोगों को सुरक्षित बचा लिया था।
यह घटना एक बार फिर भूमध्य सागर में प्रवासी संकट और मानव तस्करी के खतरनाक नेटवर्क को उजागर करती है, जिसमें हर साल सैकड़ों लोग अपनी जान गंवा देते हैं।






