| | | |

लक्ष्मण सिंह गौड़ के 68वें जन्मदिवस पर शुरू होगा “ पुण्योदय प्रकल्प ” ; 60 हजार बच्चों को बांटी जाएंगी 3 लाख से अधिक कॉपियां

इंदौर में आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें देश के महापुरुषों के जीवन से परिचित कराने के उद्देश्य से संचालित हिन्द रक्षक संगठन के पुण्योदय प्रकल्प का नया सत्र शनिवार, 11 जुलाई से शुरू होगा। इस अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा, जहां पहले चरण में करीब 8 हजार विद्यार्थियों को कॉपियों का वितरण होगा।

हिन्द रक्षक संगठन के संयोजक एकलव्य लक्ष्मणसिंह गौड़ और प्रकल्प संयोजक मुकेश जैन (शांतिप्रिय) ने बताया कि ब्रह्मलीन पूर्व शिक्षा मंत्री लक्ष्मणसिंह गौड़ ने 22 वर्ष पहले इस प्रकल्प की शुरुआत की थी। तब से लगातार हर वर्ष आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को निःशुल्क कॉपियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन कॉपियों की विशेषता यह है कि इनमें देश के महापुरुषों के जीवन, उनके विचारों और प्रेरणादायक प्रसंगों की जानकारी भी दी जाती है, ताकि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और प्रेरणा भी मिल सके।

उन्होंने बताया कि पुण्योदय प्रकल्प के तहत हर वर्ष जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों तक कॉपियां पहुंचाई जाती हैं। इस वर्ष अभियान के अंतर्गत 60 हजार से अधिक विद्यार्थियों को 3 लाख से ज्यादा कॉपियों का वितरण किया जाएगा। पूरे माह चलने वाले इस अभियान के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें जनप्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियां भी शामिल होंगी।

आयोजकों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बने। पिछले 22 वर्षों में यह अभियान समाज में एक व्यापक जनभागीदारी वाले आंदोलन का रूप ले चुका है और हजारों जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का महत्वपूर्ण सहारा बना है।

Share