|

लखीमपुर-बहराइच हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रक और मैजिक की टक्कर में 8 मजदूरों की मौत

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-बहराइच नेशनल हाईवे-730 पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा एक तेज रफ्तार ट्रक और सवारी मैजिक वाहन की भीषण टक्कर के कारण हुआ। मृतकों में छह पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं, जो मजदूरी करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल सरकारी एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी खमरिया भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सवारी मैजिक लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रही थी, तभी बहराइच की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि मैजिक में सवार सभी लोग पेशे से मजदूर थे और लखीमपुर में मजदूरी का काम खत्म कर अपने पैतृक गांव नानपारा (बहराइच) लौट रहे थे। हादसे में घायल दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल कराया। वहीं पुलिस मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने में जुटी हुई है।

इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

Share

Similar Posts