कुत्ता काटा तो लगा दिया सांप के जहर का इंजेक्शन: डॉग बाइट की भी दी डोज; SGMH रीवा में इलाज कराने गया था युवक

रीवा। संजय गांधी अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे युवक के साथ लापरवाही का मामला सामने आया है। युवक को कुत्ते ने काटा था, लेकिन इलाज के दौरान उसे स्नेक बाइट का इंजेक्शन लगा दिया गया। इतना ही नहीं, डॉग बाइट की डोज भी दी गई।
आयुष सिंह का कहना है कि उसने डॉक्टर को कुत्ते के काटने की जानकारी दी थी। इसके बावजूद उसे यह इंजेक्शन लगा दिया गया। युवक ने बताया की उसे दो इन्जेक्शन लगाया गया है। पहले सांप काटने का इसके बाद फिर से डॉग बाइट का।
पर्ची में लिखाया था डॉग बाइट
बीती शाम कुत्ते ने काटा था। इसके बाद वह इलाज और जरूरी इंजेक्शन लगवाने संजय गांधी अस्पताल पहुंचा। युवक का कहना है कि उसने डॉक्टर को साफ तौर पर बताया था कि उसे कुत्ते ने काटा है।
इसके बावजूद डॉक्टर ने उसे कथित तौर पर सांप के काटने के इलाज में इस्तेमाल होने वाला इंजेक्शन लगा दिया। आयुष के अनुसार, बाद में उसे जानकारी हुई कि उसे कुत्ते के काटने के इलाज के बजाय कथित तौर पर सांप के काटने वाला इंजेक्शन लगाया गया है।

मामले ने अस्पताल की व्यवस्था पर उठाए सवाल
युवक के आरोप के बाद अस्पताल में मरीजों को इंजेक्शन देने की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। मरीज का कहना है कि इंजेक्शन लगाने से पहले बीमारी और जरूरत की सही तरीके से जांच होनी चाहिए। मामले में यह भी सवाल उठ रहा है कि इंजेक्शन देने से पहले मरीज का रिकॉर्ड और दवा की जानकारी ठीक से देखी गई थी या नहीं।

सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की बात
आयुष सिंह ने मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने की बात कही है। उसने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग भी की है।