धार में नर्मदा में कूदे महिला-पुरुष के शव मिले: जन्माष्टमी की रात संजय सेतु से लगाई थी छलांग; दो दिन बाद बरामद

धार। लापता महिला और पुरुष के शव रविवार को नर्मदा नदी से बरामद हुए। दोनों ने शुक्रवार रात खलघाट एबी रोड स्थित संजय सेतु से नदी में छलांग लगाई थी। घटना के बाद से धरमपुरी की डीआरसी टीम दोनों की तलाश कर रही थी। दो दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद रविवार को दोनों के शव मिले
बड़वाह थाने में दर्ज थी गुमशुदगी
4 सितंबर को बड़वाह थाने में मोगरगांव निवासी गंगाबाई पति भोला और नादिया निवासी लखन पिता लालाजी मानकर की गुमशुदगी दर्ज हुई थी। गंगाबाई का ससुराल बलवाड़ा के बरझर में है। उसकी ढाई साल की बच्ची भी है। वहीं लखन 3 सितंबर को घर से निकला था। उसने 4 सितंबर को राखी बंधवाने की बात कही थी। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा।

दो दिन से चल रहा था सर्च ऑपरेशन
शुक्रवार रात करीब 8 बजे संजय सेतु से महिला और पुरुष के नर्मदा में कूदने की सूचना मिली थी। इसके बाद धरमपुरी डीआरसी टीम ने तलाश शुरू की। टीम ने रविवार को सबसे पहले लखन का शव गुलाटी घाट के पास बरामद किया। करीब तीन घंटे बाद गंगाबाई का शव हतनावर के पास मिला।

पुलिस कर रही घटना की जांच
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। दोनों ने नदी में छलांग क्यों लगाई, इसका पता जांच के बाद ही चलेगा। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम किया है।
शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस घटना की परिस्थितियों और कारणों की जांच कर रही है। रेस्क्यू टीम में दिनेश वर्मा, मोहन अलावा, शंकर कलमे, अजय मंडलोई, सोहन चौहान और सुमित शर्मा शामिल रहे।